1 अगस्त/पुण्यतिथि लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक समाज सुधारक और स्वतंत्रता सेनानी

1 अगस्त/पुण्यतिथि लोकमान्य बाल गंगाधर तिलक

समाज सुधारक और स्वतंत्रता सेनानी



सुल्तानपुर। आर्य प्रयास न्यूज नेटवर्क।

 बाल गंगाधर तिलक का जन्म महाराष्ट्र के कोंकण प्रदेश (रत्नागिरि) के चिक्कन गांव में 23 जुलाई 1856 को हुआ था। इनके पिता गंगाधर रामचंद्र तिलक एक धर्मनिष्ठ ब्राह्मण थे।


अपने परिश्रम के बल पर शाला के मेधावी छात्रों में बाल गंगाधर तिलक की गिनती होती थी। वे पढ़ने के साथ-साथ प्रतिदिन नियमित रूप से व्यायाम भी करते थे, अतः उनका शरीर स्वस्थ और पुष्ट था। 1879 में उन्होंने बी.ए. तथा कानून की परीक्षा उत्तीर्ण की। घरवाले और उनके मित्र संबंधी यह आशा कर रहे थे कि तिलक वकालत कर धन कमाएंगे और वंश के गौरव को बढ़ाएंगे, परंतु तिलक ने प्रारंभ से ही जनता की सेवा का व्रत धारण कर लिया था।

परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने अपनी सेवाएं पूर्ण रूप से एक शिक्षण संस्था के निर्माण को दे दीं। सन्‌ 1880 में न्यू इंग्लिश स्कूल और कुछ साल बाद फर्ग्युसन कॉलेज की स्थापना की।


तिलक का यह कथन कि 'स्वराज मेरा जन्मसिद्ध अधिकार है और मैं इसे लेकर रहूंगा' बहुत प्रसिद्ध हुआ। लोग उन्हें आदर से 'लोकमान्य' नाम से पुकार कर सम्मानित करते थे। उन्हें हिन्दू राष्ट्रवाद का पिता भी कहा जाता है।


लोकमान्य तिलक ने जनजागृति का कार्यक्रम पूरा करने के लिए महाराष्ट्र में गणेश उत्सव तथा शिवाजी उत्सव सप्ताह भर मनाना प्रारंभ किया। इन त्योहारों के माध्यम से जनता में देशप्रेम और अंगरेजों के अन्यायों के विरुद्ध संघर्ष का साहस भरा गया। तिलक के क्रांतिकारी कदमों से अंगरेज बौखला गए और उन पर राष्ट्रद्रोह का मुकदमा चलाकर छ: साल के लिए 'देश निकाला' का दंड दिया और बर्मा की मांडले जेल भेज दिया गया। इस अवधि में तिलक ने गीता का अध्ययन किया और गीता रहस्य नामक भाष्य भी लिखा। तिलक के जेल से छूटने के बाद जब उनका गीता रहस्य प्रकाशित हुआ तो उसका प्रचार-प्रसार आंधी-तूफान की तरह बढ़ा और जनमानस उससे अत्यधिक आंदोलित हुआ।

तिलक ने मराठी में 'मराठा दर्पण व केसरी' नाम से दो दैनिक समाचार पत्र शुरू किए जो जनता में काफी लोकप्रिय हुए। जिसमें तिलक ने अंग्रेजी शासन की क्रूरता और भारतीय संस्कृति के प्रति हीनभावना की बहुत आलोचना की।


उन्होंने ब्रिटिश सरकार को भारतीयों को तुरंत पूर्ण स्वराज देने की मांग की, जिसके फलस्वरूप और केसरी में छपने वाले उनके लेखों की वजह से उन्हें कई बार जेल भेजा गया।


तिलक अपने क्रांतिकारी विचारों के लिए भी जाने जाते थे। ऐसे भारत के वीर स्वतंत्रता सेनानी का निधन 1 अगस्त 1920 को मुंबई में हुआ।



1 अगस्त/पुण्य-तिथि

उपन्यासकार बाबू देवकीनन्दन खत्री


हिन्दी में ग्रामीण पृष्ठभूमि पर सामाजिक समस्याओं को जाग्रत करने वाले उपन्यास लिखने के लिए जहाँ प्रेमचन्द को याद किया जाता है; वहाँ जासूसी उपन्यास विधा को लोकप्रिय करने का श्रेय बाबू देवकीनन्दन खत्री को है। बीसवीं सदी के प्रारम्भ में एक समय ऐसा भी आया था, जब खत्री जी के उपन्यासों को पढ़ने के लिए ही लाखों लोगों ने हिन्दी सीखी थी।


बाबू देवकीनन्दन खत्री का जन्म अपने ननिहाल पूसा (मुजफ्फरपुर, बिहार) में 18 जून, 1861 को हुआ था। इनके पिता श्री ईश्वरदास तथा माता श्रीमती गोविन्दी थीं। इनके पूर्वज मूलतः लाहौर निवासी थे। महाराजा रणजीत सिंह के देहान्त के बाद उनके पुत्र शेरसिंह के राज्य में वहाँ अराजकता फैल गयी। अतः ये लोग काशी में बस गये। इनकी प्रारम्भिक शिक्षा अपने ननिहाल में उर्दू-फारसी में ही हुई। काशी आकर इन्होंने हिन्दी, संस्कृत व अंग्रेजी सीखी।


गया के टिकारी राज्य में इनकी पैतृक व्यापारिक कोठी थी। वहाँ रहकर इन्होंने अच्छा कारोबार किया। टिकारी का प्रबन्ध अंग्रेजों के हाथ में जाने के बाद ये स्थायी रूप से काशी आ गये। काशी नरेश श्री ईश्वरी नारायण सिंह जी से इनके बहुत निकट सम्बन्ध थे। चकिया तथा नौगढ़ के जंगलों के ठेके मिलने पर इन्होंने वहाँ प्राचीन किले, गुफाओं, झाड़ियों आदि का भ्रमण किया। भावुक प्रवृति के खत्री जी को इन निर्जन और बीहड़ जंगलों में व्याप्त रहस्यों ने ऐसी प्रेरणा दी कि वे ठेकेदारी छोड़कर साहित्य की साधना में लग गये।


उन दिनों सामान्य शिक्षित वर्ग उर्दू तथा फारसी की शिक्षा को ही महत्व देता था। चारों ओर उर्दू शायरी, कहानी, उपन्यास आदि का प्रचलन था; पर इसमें शराब तथा शबाब का प्रचुर वर्णन होता था। इसका नयी पीढ़ी पर बहुत खराब असर पड़ रहा था। ऐसे में 1888 में प्रकाशित श्री देवकीनन्दन खत्री के उपन्यासों ने साहित्य की दुनिया में प्रवेशकर धूम मचा दी। उन दिनों बंगला उपन्यासों के हिन्दी अनुवाद भी बहुत लोकप्रिय थे; पर हिन्दी में उपन्यास विधा का पहला मौलिक लेखक इन्हें ही माना जाता है।


इनके उपन्यासों के ‘गूढ़ पुरुष’ सदा अपने राजा के पक्ष की रक्षा तथा शत्रु-पक्ष को नष्ट करने की चालें चलते रहते हैं। इसकी प्रेरणा उन्हें संस्कृत के नीति साहित्य से मिली। उन्होंने चन्द्रकान्ता और चन्द्रकान्ता सन्तति के अतिरिक्त नरेन्द्र मोहिनी, वीरेन्द्र वीर, कुसुम कुमारी, कटोरा भर खून, लैला-मजनू, अनूठी बेगम, काजर की कोठरी, नौलखा हार, भूतनाथ, गुप्त गोदना नामक उपन्यास भी लिखे। 


चन्द्रकान्ता सन्तति के 24 खण्ड प्रकाशित हुए। भूतनाथ के छह खण्ड इनके सामने तथा 15 इनके बाद प्रकाशित हुए। इनमें रहस्य, जासूसी और कूटनीति के साथ तत्कालीन राजपूती आदर्श और फिर पतनशील राजपूती जीवन का जीवन्त वर्णन है। आगे चलकर इन्होंने सुदर्शन, साहित्य सुधा तथा उपन्यास लहरी नामक साहित्यिक पत्र भी निकाले थे।


गत वर्षों में दूरदर्शन ने अनेक साहित्यिक कृतियों को प्रसारित किया। इनमें चन्द्रकान्ता पर बना धारावाहिक बहुत लोकप्रिय हुआ। रामायण और महाभारत के बाद लोकप्रियता के क्रम में चन्द्रकान्ता का ही नाम लिया जाता है। अपनी यशस्वी लेखनी से हिन्दी में रहस्य को जीवित-जाग्रत कर हिन्दी को लोकप्रिय करने वाले अमर उपन्यासकार श्री देवकीनन्दन खत्री का एक अगस्त, 1913 को देहावसान हो गया।

Comments

Popular posts from this blog

करंट की चपेट में आने से महिला की दर्दनाक मौत।

रिक्शा चालक रामशंकर नाई महुली पारा हुए धोखाधड़ी के शिकार

वन महोत्सव के अवसर पर, जन्मदिन मनाओ,पेड़ लगाओ कार्यक्रम की हुई शुरुवात