तीन महीने से खराब पड़ी हाई मास्ट लाइट, अंधेरे में डूबा बीही चौराहा; ग्रामीणों में आक्रोश
तीन महीने से खराब पड़ी हाई मास्ट लाइट, अंधेरे में डूबा बीही चौराहा; ग्रामीणों में आक्रोश
रिपोर्ट: सुनील तिवारी
सुल्तानपुर/बल्दीराय। आर्य प्रयास न्यूज नेटवर्क। तहसील बल्दीराय के ग्राम बीही चौराहे पर लगी हाई मास्ट लाइट पिछले लगभग तीन महीनों से खराब पड़ी है। इसके कारण शाम ढलते ही पूरा चौराहा अंधेरे में डूब जाता है, जिससे राहगीरों, स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि यह चौराहा क्षेत्र का प्रमुख मार्ग है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि हाई मास्ट लाइट खराब होने की सूचना कई बार संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक उसकी मरम्मत नहीं कराई गई। ग्रामीणों का कहना है कि अंधेरा होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है, वहीं असामाजिक तत्वों की गतिविधियों का भी डर बना रहता है। इससे क्षेत्र के लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारियों की उदासीनता के कारण सार्वजनिक सुविधाएं बदहाल होती जा रही हैं। उनका कहना है कि यदि समय रहते लाइट की मरम्मत कराई जाती, तो लोगों को इस परेशानी का सामना नहीं करना पड़ता।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि हाई मास्ट लाइट की तत्काल मरम्मत कराकर प्रकाश व्यवस्था बहाल की जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके। साथ ही उन्होंने मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई किए जाने की भी मांग की है।
.jpg)
Comments
Post a Comment