मिल्कीपुर तहसील में ADO पंचायत ने स्टांप विक्रेता को पीटा

 


मिल्कीपुर तहसील में ADO पंचायत ने स्टांप विक्रेता को पीटाः 


नाराज अधिवक्ताओं ने दौड़ाया तो SDM कार्यालय में जा छिपे, 


वकीलों ने जमकर किया हंगामा

रिपोर्ट:वेद प्रकाश तिवारी 

मिल्कीपुर अयोध्या। आर्य प्रयास न्यूज नेटवर्क।मिल्कीपुर तहसील परिसर का माहौल उस वक्त गरमा गया जब शनिवार को एडीओ पंचायत और स्टांप विक्रेता की बाइकों में भिड़ंत हो गई। इसके बाद गुस्साए एडीओ पंचायत ने अपने सहकर्मी के साथ मिलकर स्टांप विक्रेता उदय राज की जमकर पिटाई कर दी। स्टांप विक्रेता की पिटाई से गुस्साए अधिवक्ताओं ने सहायक विकास अधिकारी को दौडा लिया। जिसके बाद एडीओ पंचायत एसडीएम कक्ष में जाकर छिप गए और अंदर से दरवाजा बंद कर अपनी जान बचाई। इसके बाद नाराज अधिवक्ताओं ने एसडीएम कार्यालय घेर लिया और हंगामा करने लगे। मामले की सूचना पर इनायत नगर थाने के प्रभारी निरीक्षक संदीप सिंह पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम राजीव रतन सिंह सहित सीओ सुनील कुमार सिंह भी मौके पर पहुंच गए।


 उन्होंने नाराज अधिवक्ताओं को समझा बुझाकर शांत कराया।

जानकारी के अनुसार शनिवार को दोपहर सहायक विकास अधिकारी पंचायत सुरेंद्र कुमार राव अपने सहकर्मी एडीओ एजी रामसहाय गौतम के साथ बाइक से एसडीएम कार्यालय जा रहे थे। वह पुराने ट्रेजरी ऑफिस के पास पहुंचे थे कि बगल से अधिवक्ता भवन को जाने वाले सीसी मार्ग से आ रहे स्टांप विक्रेता उदय राज यादव की बाइक आपस में टकरा गई।

इसके बाद गुस्साए सहायक विकास अधिकारी पंचायत सुरेंद्र कुमार राव ने स्टांप विक्रेता की पिटाई शुरू कर दी।यह सब वाकया देख तहसील में मौजूद अधिवक्ता भारी संख्या में पहुंच गए और वह पंचायत कर्मी पर बिफर पड़े। इसके बाद एडीओ पंचायत एसडीएम कार्यालय में जाकर छिप गए। गुस्साए अधिवक्ता कार्यालय में छिपे पंचायत कर्मी को बाहर निकालने की जिद पर अड़ गए।

प्रशासनिक अधिकारियों के पहुंचने के बाद मामला शांत हुआ। पुलिस ने स्टांप विक्रेता सहित पंचायत कर्मियों को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा। प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार सिंह ने बताया कि अभी किसी भी पक्ष से कोई भी तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही मुकदमा दर्ज करके विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Comments

Popular posts from this blog

गुमशुदा की तलाश

अधिक से अधिक शेयर करें क्यों कि आपका सहयोग जीवन का आधार बन सकता है

सच्चाई दिखाने पर पत्रकारों को जान से मारने की धमकी व मानसिक रूप से लगातार किया जा रहा है परेशान