59 आंगनवाड़ी केंद्रों का लोकार्पण, 142 कर्मियों को नियुक्ति पत्र व मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरण
59 आंगनवाड़ी केंद्रों का लोकार्पण, 142 कर्मियों को नियुक्ति पत्र व मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन वितरण
रिपोर्ट: राम प्रसाद मिश्र
सुलतानपुर। आर्य प्रयास न्यूज नेटवर्क। योगी आदित्यनाथ ने आज लखनऊ में आयोजित भव्य कार्यक्रम में आंगनवाड़ी व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण पहलें कीं। इस अवसर पर आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं मुख्य सेविकाओं को स्मार्टफोन, ग्रोथ मॉनिटरिंग डिवाइस तथा नियुक्ति-पत्र वितरित किए गए, साथ ही नवीन आंगनवाड़ी केंद्र भवनों एवं बाल विकास परियोजना कार्यालयों का लोकार्पण/शिलान्यास भी किया गया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि सभी नियुक्तियां पूरी पारदर्शिता और शुचिता के साथ की जा रही हैं। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों से ईमानदारी और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों की भूमिका को “मां यशोदा” के समान बताते हुए कहा कि जिस प्रकार मां यशोदा ने भगवान श्रीकृष्ण का पालन-पोषण किया, उसी भावना से बच्चों की देखभाल करना आप सभी की जिम्मेदारी है।
इस अवसर पर बेबी रानी मौर्य ने इसे प्रदेश की प्रगति और महिला सशक्तिकरण का प्रतीक बताया, वहीं प्रतिभा शुक्ला ने इसे “बाल शक्ति और मातृ शक्ति” का ऐतिहासिक क्षण बताया।
जनपद सुलतानपुर में बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के माध्यम से विभिन्न विकास खंडों में 59 आंगनवाड़ी केंद्रों का लोकार्पण किया गया। इसके साथ ही 6 आंगनवाड़ी कार्यकत्रियों एवं 136 सहायिकाओं को नियुक्ति-पत्र वितरित किए गए। जनपद की मुख्य सेविकाओं को भी स्मार्टफोन प्रदान किए गए। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण भी सुना गया।
कार्यक्रम में विनोद कुमार सिंह, राज प्रसाद उपाध्याय, सीताराम वर्मा एवं प्रवीण कुमार अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
मुख्य विकास अधिकारी विनय सिंह के कुशल नेतृत्व में कार्यक्रम का सफल संचालन किया गया। इस दौरान जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद कुमार त्रिपाठी सहित विभिन्न विकास खंडों के सीडीपीओ एवं विभागीय अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


Comments
Post a Comment