Sultanpur: पेड़ से लटका मिला युवक का शव, लगातार दूसरी घटना से इलाके में सनसनी
Sultanpur: पेड़ से लटका मिला युवक का शव, लगातार दूसरी घटना से इलाके में सनसनी
रिपोर्ट: सुनील तिवारी
सुल्तानपुर। आर्य प्रयास न्यूज नेटवर्क। जिले के बल्दीराय थाना क्षेत्र अंतर्गत पूरे सूबेदार मजरे बिसावां गांव में बुधवार की रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। गांव के बाहर एक पेड़ से युवक का शव लटका मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई।
मृतक की पहचान 21 वर्षीय राहुल यादव पुत्र राजेंद्र यादव के रूप में हुई है। ग्रामीणों के अनुसार युवक का शव शर्ट के सहारे पेड़ से लटका हुआ मिला, जिससे मामला संदिग्ध नजर आ रहा है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी बल्दीराय आशुतोष कुमार और थानाध्यक्ष नारद मुनि सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच प्रक्रिया शुरू कर दी।
गौरतलब है कि बल्दीराय थाना क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन शव मिलने की यह घटना है, जिससे स्थानीय लोगों में भय और दहशत का माहौल बन गया है। ग्रामीणों ने पुलिस से जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की है।
मृतक के परिवार में माता-पिता के अलावा बड़ा भाई विशाल (22 वर्ष) और दो बहनें सृष्टि (15 वर्ष) व अलोका (12 वर्ष) हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
क्षेत्राधिकारी आशुतोष कुमार ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।
बड़ा सवाल है!
क्या यह आत्महत्या है या फिर किसी साजिश का नतीजा?
इस रहस्यमयी घटना से पर्दा उठाने के लिए अब सभी की नजर पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई है।

Comments
Post a Comment