आठवें पोषण पखवाड़ा का बेबकास्ट के माध्यम से हुआ शुभारंभ, 23 अप्रैल तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
आठवें पोषण पखवाड़ा का बेबकास्ट के माध्यम से हुआ शुभारंभ, 23 अप्रैल तक चलेंगे जागरूकता कार्यक्रम
मां-शिशु पोषण, प्रारंभिक विकास और खेल आधारित शिक्षा पर रहेगा विशेष फोकस
रिपोर्ट: राम प्रसाद मिश्र
सुल्तानपुर। आर्य प्रयास न्यूज नेटवर्क।
जिले में आठवें पोषण पखवाड़ा का शुभारंभ बेबकास्ट (वेबकास्ट) के माध्यम से किया गया। यह अभियान 09 अप्रैल 2026 से 23 अप्रैल 2026 तक संचालित होगा। बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा पोषण अभियान के अंतर्गत इस कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य बच्चों और महिलाओं के पोषण स्तर में सुधार लाना है।
सरकार द्वारा संचालित इस अभियान को जन आंदोलन का रूप देने के लिए सामुदायिक सहभागिता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। पोषण पखवाड़ा हर वर्ष आयोजित किया जाता है, जिसमें विभिन्न विभागों के समन्वय (कन्वर्जेन्स) से व्यापक स्तर पर गतिविधियां संचालित होती हैं।
इस वर्ष पोषण पखवाड़ा के लिए पांच प्रमुख थीम निर्धारित की गई हैं, जिनमें—मां एवं शिशु पोषण, 0-3 वर्ष के बच्चों के मस्तिष्क विकास के लिए प्रारंभिक अनुकरण, 3-6 वर्ष के बच्चों के लिए खेल आधारित शिक्षा, स्क्रीन समय कम करने में अभिभावकों की भूमिका तथा मजबूत आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए सामुदायिक सहयोग शामिल हैं।
पखवाड़े के दौरान जिले में वजन दिवस, पोषण रैली, गृह भ्रमण, पोषण मेला, हाट बाजार, एनीमिया जांच शिविर, प्रभात फेरी, साइकिल रैली, पौधारोपण, पोषण वाटिका, योग सत्र और महिला स्वयं सहायता समूहों की बैठकें जैसी विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
इस अभियान में बाल विकास, स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायतीराज, खाद्य एवं रसद, ग्राम्य विकास, कृषि, युवा एवं खेल, आयुष, समाज कल्याण समेत विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
कार्यक्रम के शुभारंभ अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी शरद कुमार त्रिपाठी, बाल विकास परियोजना अधिकारी राहुल त्रिपाठी, अजीत कुमार, राजेंद्र प्रसाद, प्रवीण कुमार, उमेश तिवारी, जिला समन्वयक पोषण अभियान तथा आंगनवाड़ी कार्यकर्त्रियां और लाभार्थी मौजूद रहे।

Comments
Post a Comment