गनपत सहाय पीजी कॉलेज में ‘नारी शक्ति वंदन’ के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान
गनपत सहाय पीजी कॉलेज में ‘नारी शक्ति वंदन’ के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान
छात्राओं ने बढ़-चढ़कर लिया हिस्सा, महिला सशक्तिकरण के प्रति जताई प्रतिबद्धता
सुलतानपुर। आर्य प्रयास न्यूज नेटवर्क।स्थानीय गनपत सहाय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में शुक्रवार को प्रशासन के निर्देशानुसार ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। यह अभियान महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. ओम प्रकाश पाण्डेय ‘बजरंगी’ के मार्गदर्शन और प्राचार्य प्रो. अंग्रेज सिंह के नेतृत्व में आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने बड़ी संख्या में भाग लेते हुए महिला आरक्षण बिल और महिला सशक्तिकरण के समर्थन में अपने हस्ताक्षर किए। महाविद्यालय के सीताकुंड परिसर में लगाए गए बड़े श्वेत पटल (बैनर) पर हस्ताक्षर करने के लिए छात्राओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और समाज में महिलाओं की भूमिका को मजबूत बनाना रहा। कार्यक्रम समन्वयक प्रो. गीता त्रिपाठी ने कहा कि नारी शक्ति केवल एक शब्द नहीं, बल्कि समाज के विकास का आधार है। ऐसे आयोजन युवाओं में आत्मविश्वास बढ़ाते हैं और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर प्रो. मो. शाहिद, प्रो. मनोज मिश्र, प्रो. नीलम तिवारी, प्रो. नसरीन, डॉ. भोलानाथ, डॉ. शिखा श्रीवास्तव, डॉ. ज्योतिमा, डॉ. अंजू सिंह सहित महाविद्यालय के अनेक प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी ने महिला सुरक्षा और सम्मान के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प लिया।

Comments
Post a Comment