महिलाओं पर लाठी-डंडों से हमला, बेलचा मारकर किया घायल; एसपी से लगाई न्याय की गुहार
सुलतानपुर: महिलाओं पर लाठी-डंडों से हमला, बेलचा मारकर किया घायल; एसपी से लगाई न्याय की गुहार
रिपोर्ट: राम बरन प्रजापति
सुलतानपुर। आर्य प्रयास न्यूज नेटवर्क। बल्दीराय थाना क्षेत्र के इसौली गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थना पत्र देकर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़िता मंजू पत्नी स्व. राजेश कुमार निवासी ग्राम इसौली, पारा बाजार चौकी क्षेत्र थाना बल्दीराय ने आरोप लगाया कि 13 मई की सुबह करीब 7:30 बजे वह अपने घर के बाहर झाड़ू लगा रही थीं। इसी दौरान पड़ोस की अजूबी पत्नी अखिलेश कुमार सोनकर और तिलका देवी पत्नी रामसहाय सोनकर लाठी-डंडा लेकर पहुंचीं और गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया।
शोर सुनकर बचाने पहुंची देवरानी राजकुमारी पर भी हमला कर दिया गया। आरोप है कि ज्ञान प्रताप पुत्र मंगरू बेलचा और लाठी-डंडा लेकर पहुंचा तथा राजकुमारी के सिर और माथे पर बेलचा से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं और काफी खून बहने लगा।
प्रार्थना पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि इसके बाद अखिलेश, अभिषेक, ममता, वंदना, प्रीती और ज्योति समेत अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए और दोनों महिलाओं की पिटाई की। महिलाओं के शोर मचाने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर मामला शांत कराया।
पीड़िता का कहना है कि घटना की सूचना उसी दिन थाना बल्दीराय में दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। अब पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई तथा परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

Comments
Post a Comment