सुल्तानपुर: पूरे खरकपान रामनगर में तीन दिन से फुंका ट्रांसफार्मर, भीषण गर्मी में बिजली संकट से जूझ रहे ग्रामीण
सुल्तानपुर: पूरे खरकपान रामनगर में तीन दिन से फुंका ट्रांसफार्मर, भीषण गर्मी में बिजली संकट से जूझ रहे ग्रामीण
13 जुलाई को जला था ट्रांसफार्मर, बार-बार फ्यूज उड़ने से नहीं हो सकी आपूर्ति बहाल; जेई बोले—ऑनलाइन प्रस्ताव भेजा गया, गुरुवार तक नया ट्रांसफार्मर लगने की उम्मीद।
रिपोर्ट: राधारमण दूवे
सुल्तानपुर। आर्य प्रयास न्यूज नेटवर्क। धनपतगंज विकासखंड के पूरे खरकपान, रामनगर गांव में बिजली का ट्रांसफार्मर जल जाने से ग्रामीण पिछले कई दिनों से बिजली संकट का सामना कर रहे हैं। 13 जुलाई को ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद विभाग द्वारा कई बार फ्यूज बांधकर आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया गया, लेकिन हर बार फ्यूज उड़ जाने से बिजली चालू नहीं हो सकी।
बिजली आपूर्ति ठप होने से गांव के लोगों को भीषण गर्मी में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। घरों में पंखे और कूलर बंद पड़े हैं, वहीं पेयजल व्यवस्था भी प्रभावित हो गई है। इसके अलावा किसानों को सिंचाई कार्य में भी दिक्कतें आ रही हैं, जिससे खेती-बाड़ी पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई दिनों से बिजली न आने के कारण जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। उन्होंने विद्युत विभाग से जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर नियमित बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है।
इस संबंध में धनपतगंज क्षेत्र के संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) ने बताया कि ट्रांसफार्मर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है और इसे बदलना आवश्यक है। नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध कराने के लिए ऑनलाइन प्रस्ताव भेज दिया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि गुरुवार तक नया ट्रांसफार्मर लगाकर गांव की विद्युत आपूर्ति निर्बाध रूप से बहाल कर दी जाएगी।
ग्रामीणों को अब विभाग की ओर से शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद है, ताकि उन्हें गर्मी और खेती से जुड़ी समस्याओं से राहत मिल सके।

Comments
Post a Comment